संजय अग्रवाल
इंदौर : वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने उज्जैन के प्रसिद्ध चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर श्री शांति स्वरूपानंद महाराज के विरुद्ध रची गई घिनौनी हनीट्रैप साजिश की कड़ी निंदा की है। यह साजिश न केवल एक सम्मानित संत की छवि को धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि सनातन धर्म, आस्था और संत परंपरा पर सीधा आघात है।
उज्जैन पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनारस से आई एक महिला को 50 हजार रुपये का लालच देकर महाराज श्री को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश रची गई थी। इस षड्यंत्र में कुछ लोग शामिल पाए गए हैं, जिनके खिलाफ उज्जैन पुलिस ने एफ आय आर दर्ज कर ली है। यह घटना बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में हुई है, जहां लाखों श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं और संत-महात्माओं का सम्मान करते हैं। श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि यह साजिश केवल एक व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, अपितु पूरे हिंदू समाज की आस्था, संतों की गरिमा और हमारी सनातन परंपरा को कलंकित करने का सुनियोजित प्रयास है। ऐसे तत्व जो धन के लालच में संतों को बदनाम करने का दुस्साहस करते हैं, उन्हें समाज और कानून की कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हम वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन की ओर से मांग करते हैं कि पुलिस इस मामले की गहन जांच करे, सभी आरोपी तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और साजिश के पीछे यदि कोई बड़ी शक्ति या संगठित गिरोह शामिल है, तो उसका भी पर्दाफाश हो।श्री अग्रवाल ने आगे कहा, महामंडलेश्वर श्री शांति स्वरूपानंद महाराज जैसे संत वर्षों से समाज सेवा, धर्म प्रचार और उज्जैन के चारधाम मंदिर की देखभाल में लगे हुए हैं। उनकी छवि पर लगाए गए झूठे आरोपों से समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास विफल रहेगा। हिंदू समाज एकजुट होकर ऐसे षड्यंत्रों का मुकाबला करेगा।
वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन मध्य प्रदेश सभी संत-महात्माओं, आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं और समाज से अपील करता है कि वे इस मामले में शांति बनाए रखें और कानून पर भरोसा करें। हम संतों की रक्षा और हिंदू धर्म की गरिमा के लिए हर संभव सहयोग करने को प्रतिबद्ध हैं।
