मुंबई: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निर्देशक Zaigham Imam ने अपनी आगामी फिल्म The Narmada Story का पहला पोस्टर रिलीज किया। मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि और नर्मदा नदी के अंचल में रची गई यह फिल्म एक सशक्त सोशल क्राइम ड्रामा है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित होकर महिलाओं के साहस, संघर्ष और न्याय की लड़ाई को बड़े परदे पर प्रस्तुत करती है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी उतनी ही प्रभावशाली है। इसमें Ashwini Kalsekar, Simala Prasad और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री Anjali Patil मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनके साथ अनुभवी कलाकार Zarina Wahab, Raghubir Yadav, Mukesh Tiwari, Sharad Singh और Ishtiyak Khan भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें महिला पात्रों को परंपरागत ढांचे से अलग, मजबूत और निर्णायक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
The Narmada Story की कहानी आदिवासी महिला अग्नि धुर्वे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। हालात तब बदलते हैं जब उसकी लड़ाई में पुलिस इंस्पेक्टर नर्मदा रैकवार उसका साथ देती हैं। इस किरदार को वास्तविक जीवन की आईपीएस अधिकारी और अभिनेत्री Simala Prasad ने निभाया है। दोनों महिलाएं मिलकर उन अपराधियों के खिलाफ खड़ी होती हैं जो अपने प्रभाव और ताकत के दम पर खुद को कानून से ऊपर समझते हैं।
यह कहानी सिर्फ अपराध के खिलाफ संघर्ष की नहीं, बल्कि उन आदिवासी महिलाओं के आत्मसम्मान, जज़्बे और जुझारूपन की भी दास्तान है, जिनकी आवाज़ अक्सर मुख्यधारा में सुनाई नहीं देती। फिल्म इसी अनसुनी ताकत को सामने लाने का प्रयास करती है।
*फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक Zaigham Imam ने कहा*,
“यह फिल्म ग्रामीण भारत की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। महिला दिवस के अवसर पर इसका पहला पोस्टर जारी करना मेरे लिए बेहद खास है। यह एक मां के अदम्य साहस और एक महिला पुलिस अधिकारी की ईमानदारी की कहानी है। जब महिलाएं अन्याय के खिलाफ खड़ी होती हैं, तो बदलाव की शुरुआत होती है। हमने फिल्म में महिला किरदारों को पारंपरिक स्टीरियोटाइप से अलग और ज्यादा मजबूत रूप में पेश करने की कोशिश की है।”
*वहीं फिल्म के सह-निर्माता Pishush Singh ने कहा,*
“The Narmada Story केवल एक क्राइम ड्रामा नहीं है, बल्कि उन महिलाओं को समर्पित है जो कठिन परिस्थितियों में भी अन्याय के खिलाफ खड़ी होने का साहस रखती हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंजली पाटिल, जरीना वहाब जी और रघुबीर यादव जी जैसे सशक्त कलाकारों की मौजूदगी इस कहानी को और अधिक प्रभावशाली बनाती है। निर्देशक ने यह सुनिश्चित किया है कि फिल्म का कथ्य आज के सामाजिक ताने-बाने और कानून व्यवस्था के संदर्भ में पूरी तरह प्रासंगिक रहे।”
फिल्म का निर्माण AB Infosoft Creation द्वारा किया जा रहा है, जबकि कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित स्टूडियो Golden Ratio Films इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी Zaigham Imam ने लिखी है, जबकि पटकथा और संवाद Akash Tak, Pankaj Kaurav और इमाम ने मिलकर तैयार किए हैं। फिल्म का संगीत Manik Batra ने दिया है, जबकि Arshad Jafri इस फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।
मेकर्स के अनुसार, नारी शक्ति की भावना और सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी के साथ The Narmada Story इस गर्मियों में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है। यह फिल्म दर्शकों को एक प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव देने के साथ-साथ समाज को एक सशक्त और विचारोत्तेजक संदेश भी देने का प्रयास करेगी।
