मक्सी । शुक्रवार को आयोजित अवकाश बैठक में पधारे सभी व्यापारी समाज के भाइयों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों ने अपने-अपने पक्ष को खुलकर रखा तथा एक-दूसरे की समस्याओं को गंभीरता से सुना। आपसी संवाद और सहमति से विभिन्न मुद्दों पर मिल-जुलकर समाधान निकालने का प्रयास किया गया।
कई वर्षों बाद सभी व्यापारी भाई एक ही मंच पर एकत्रित हुए, जहां गंभीर चर्चा के साथ-साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हंसी-मजाक का भी आनंद लिया गया। चिन्हित सभी श्रेणियों के व्यापारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 16/02/2026 से अपने-अपने प्रतिष्ठान तीन माह प्रत्येक सोमवार तक ट्रायल प्रोग्राम के तहत बंद रखे जाएंगे। इस अवधि के पश्चात पुनः बैठक आयोजित कर आगामी निर्णय लिया जाएगा। ट्रायल अवधि के दौरान मक्सी नगर से लेकर कनासिया नाका, गोलवा एवं आसपास क्षेत्र के मशीनरी, इलेक्ट्रिकल्स, हार्डवेयर, मोबाइल शॉप, बिल्डिंग मटेरियल, एल्युमिनियम सेक्शन, स्टील फैब्रिकेशन, प्लाईवुड फर्नीचर, सेनेटरी-टाइल्स एवं ग्रेनाइट, कलर पेंट शॉप, बैटरी ऑटो इलेक्ट्रिक तथा रिपेयरिंग वर्कशॉप सहित सभी संबंधित श्रेणियों में आने वाले प्रतिष्ठान प्रत्येक सोमवार को पूर्णतः बंद रहेंगे।
बैठक के समापन के बाद सभी ने शांतिपूर्वक सामूहिक भोजन किया। अंत में सभी व्यापारियों ने यह मत व्यक्त किया कि इस प्रकार की बैठकें एवं एकता मिलन समारोह समय-समय पर आयोजित होते रहना चाहिए, जिससे आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती बनी रहे।