उज्जैन । जिले में आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध मदिरा परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के आदेशानुसार एवं प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के मार्गदर्शन में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक हिमांशु अग्रवाल ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि मक्सी रोड पिंगलेश्वर मार्ग स्थित साँची फैक्ट्री के समीप मुन्नालाल नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से दूध की कैनों में अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी की।
वाहन क्रमांक MP13EM8506 को सामने से आते देख रोका गया। चालक मुन्नालाल से पूछताछ एवं तलाशी लेने पर वाहन में टंगी दूध की कैन से 95 पाव देशी मदिरा मसाला, थैले से 30 पाव देशी मदिरा मसाला, 4 पेटी देशी मदिरा प्लेन एवं 1 पेटी देशी मदिरा मसाला बरामद की गई।
जब्त मदिरा की कुल मात्रा 76.8 बल्क लीटर पाई गई। बरामद मदिरा एवं वाहन को जब्त कर कब्जे में लिया गया। आरोपी मुन्नालाल पिता अमरचंद निवासी हीरा मिल की चाल के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्रवाई में कंट्रोलर मुकेश रंदा, डिप्टी कंट्रोलर प्रतीक गुप्ता, मुख्य आबकारी आरक्षक प्रेमचंद्र जटिया, आरक्षक सुनील अमृतिया एवं आरती देवड़ा का विशेष सहयोग रहा।