तराना। अतिप्राचीन श्री तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर मठ प्रांगण में सनातन महाकुंभ शिवरात्रि महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्री शिवमहापुराण कथा के चतुर्थ दिवस शिव-पार्वती विवाह प्रसंग श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. पू. मुकेशानंद भारती महाराज (सारंगपुर वाले) ने विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि शिवमहापुराण का श्रवण मन और चित्त को शुद्ध कर जीवन में धर्म, संयम और सदाचार का संचार करता है।
चतुर्थ दिवस पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव-पार्वती विवाह की हल्दी एवं मेहंदी की रस्म भक्तिमय वातावरण में संपन्न करवाई गई। मंगलगीत और भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर सती चरित्र की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए कथावाचक ने कहा कि पद कितना भी बड़ा क्यों न हो, अहंकार मनुष्य का पतन कर देता है, जैसा कि राजा दक्ष के प्रसंग से स्पष्ट होता है।
यह भव्य आयोजन श्री तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर मठ में श्री महंत मोहन भारती महाराज, अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है। चतुर्थ दिवस के मुख्य यजमान डॉ. अनोखीलाल पाटीदार एवं जगदीश पाटीदार सपत्नीक रहे। पं. यश तिवारी ने व्यासपीठ का विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न कराया तथा कथावाचक का स्वागत किया।
कथा के दौरान महंत मोहन भारती महाराज, महंत सुरेशानंद सरस्वती महाराज, महंत शिवांश सरस्वती महाराज, ओम भारती (सचिव, अंतरराष्ट्रीय पंचदशनाम जूना अखाड़ा), महंत स्वरूप भारती महाराज, महंत जगतगिरी महाराज, वरिष्ठ समाजसेवी चरणसिंह गुर्जर (पंडा जी) देवस्थान मनासा, पं. अखिलेश चतुर्वेदी, मंदिर सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नीरज खंडूजा, मीडिया प्रभारी शिवनारायण गुर्जर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती संपन्न हुई तथा श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही हैं।
मंदिर समिति ने बताया कि कथा का आयोजन आगामी दिवसों में भी नियत समयानुसार जारी रहेगा। 14 फरवरी 2026 को रात्रि 8 बजे से मंदिर प्रांगण में देश के प्रसिद्ध भजन सम्राट प्रकाश माली एवं भजन गायिका आशा वैष्णव की सुमधुर प्रस्तुति में विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
उक्त जानकारी मंदिर सेवा समिति के मीडिया प्रभारी शिवनारायण गुर्जर द्वारा दी गई।