इंदौर 30 जनवरी 2022
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि हम महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया स्वच्छता अभियान महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट आज यहां महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जाल सभागृह में आयोजित मोहन से महात्मा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन सेवा सुरभि द्वारा अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया गया था। इस कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती जनक पलटा, श्री कृष्ण कुमार अष्ठाना, श्री भरत मोदी, श्री ओम नरेडा, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अरविंद तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिलावट ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का पाठ समाज को पढ़ाया है। उन्होंने समाज को नई राह दिखाई।
कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर महात्मा गांधी के कृतित्व पर आधारित कठपुतली नाटक का मंचन भी किया गया।
