नंदलाल को पालने में झुलाया, मटकी फोड के हुवे आयोजन मंदिरो में धार्मिक आयोजनो के साथ मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व
नलखेड़ा/माधव एक्सप्रेस(प्रदीप चौबे)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लास नगर में पुरे दिन छाया रहा। पर्व पर पूरा नगर कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दे रहा था। विभिन्न राधाकृष्ण मंदिरो में पूर्ण सजावट के साथ भगवान कृष्ण व राधाजी की प्रतिमाओं का मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिरो में भक्तो की सुबह से देर रात्रि तक भीड़ लगी रही। कई स्थानो पर नंदलाल को पालने में झुलाया गया व मटकी फोड के कार्यक्रम हुवे।
शनिवार को जन्माष्टमी पर्व पर नगर के मां बगलामुखी मंदिर स्थित पारदेश्वर राधाकृष्ण मंदिर में स्थित भगवान की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा पूरे मंदिर को गुब्बरों व पुष्पों से सजाया गया। जिनके दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड लगी रही। भगवान के जन्मोत्सव पर सभी को फलाहारी खिचडी का वितरण सुबह से देर रात तक किया गया।
नगर के जायसवाल काॅलोनी स्थित चार धाम मंदिर पर भी पर्व का उल्लास दिखाई दिया। मंदिर में विराजित सभी प्रतिमाओं का मनमोहक श्रृंगार पुष्पों के द्वारा किया गया। जिसे निहारने के लिए बडी संख्या में भक्तों का तांता लगा रहा।
इसी प्रकार नगर के प्राचीन चोथमलजी के राधाकृष्ण मंदिर, स्वर्णकार समाज के राधाकृष्ण मंदिर, सांवलिया नाथ मंदिर, नामदेव समाज के गोवर्धन नाथ मंदिर, सेन समाज के राधाकृष्ण मंदिर सहित मुखर्जी मार्ग, डोकरपुरा, रामपुरा आदि स्थानो पर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर के प्रसिद्ध श्रीनाथ धाम मंदिर में भी ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया
जन्माष्टमी पर्व को लेकर सभी मंदिरो में आकर्षक सजावट कर विद्युत रोशनी की गई व कृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकिया बनाई गई तथा भक्तो ने नंदलाल को पालने में झुलाया।
जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर मंदिरो में प्रातःकाल से देर रात्रि तक जन्मोत्सव का उल्लास छाया रहा जहा विषेष पुजा अर्चना के साथ आरती व अन्य धार्मिक कार्यक्रम सम्पन्न हुवे।
मध्य रात्रि में मंदिरो में शंख, झांझ, मंजीरे व घड़ी घंटाल की गूंज के साथ कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया तथा भक्तो को पंजेरी, सिगांड़े, खोपरा बुरा व हलवे आदि की प्रसादी का वितरण किया गया।
रात्रि को नगर के कई स्थानो पर मटकी फोड प्रतियोगिताऐं आयोजित की गई, जहां विजेता टीम को आयोजकों द्वारा पुरुस्कार राशि प्रदान की गई।
