उज्जैन, 18 मार्च। डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में गुरुवार 19 मार्च को शाम 6 बजे देवास रोड स्थित नवनिर्मित तरणताल (स्विमिंग पूल) का लोकार्पण किया जाएगा। इस आधुनिक तरणताल के शुरू होने से शहर के तैराक प्रेमियों को बड़ी सौगात मिलेगी।
करीब 8.30 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम द्वारा पुराने तरणताल के स्थान पर इस नए तरणताल का निर्माण किया गया है। इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मुख्य तरणताल का आकार 25×50 मीटर है, जबकि इसकी गहराई 4.5 फीट से 6.15 फीट तक रखी गई है।
इसके अलावा बच्चों के लिए अलग से वार्मअप पूल भी बनाया गया है, जिसकी गहराई 2.5 फीट से 3 फीट तक है।
तरणताल परिसर में दर्शकों के लिए 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाली विजिटर गैलरी, पार्किंग, फूड कोर्ट, सिटिंग चेयर, पार्क, आधुनिक फिल्टर प्लांट, शॉवर सुविधा और वेटिंग रूम जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
तरणताल का संचालन नगर निगम द्वारा किया जाएगा, जिससे शहर में खेल और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलेगा।