जयपुर, राजस्थान में उदयपुर के बाद जयपुर में भी तनाव हो गया है। यहां ई-रिक्शा सवार युवकों ने स्कूटी सवार की जमकर पिटाई कर दी, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और वे धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने समुदाय विशेष के युवकों को गिरफ्तार करने की मांग की। जानकारी के मुताबक घटना शास्त्री नगर इलाके की स्वामी बस्ती में देर रात हुई है। यहां एक स्कूटी सवार युवक कहीं जा रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा पर सवार युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद करने लगे। युवकों ने स्कूटी सवार को बेरहमी से पीटा। इससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी जब लोगों को मिली तो लोग जमा हो गए और सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने इस पूरे मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, इसके साथ लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। बता दें कि उदयपुर में शुक्रवार को सरकारी स्कूल के दो छात्रों में विवार हो गया था। इसके बाद बवाल के बीच हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शॉपिंग मॉल में तोड़फोड़ कर दी थी और जमकर पथराव किया था। आक्रोशित भीड़ ने कारों को आग लगा दी। शाम तक पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इसके बाद कलेक्टर ने शहर में धारा-163 लागू कर दी। शहर के हर संवेदनशील इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। प्रशासन की शांति बहाली की कोशिशों के बावजूद देर रात दो पक्षों के बीच पथराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने मौजूद लोगों को खदेड़ दिया।
