जयपुर । राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का अभियान गुरुवार शाम को थम जाएगा। इसके पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राजस्थान में अगली सरकार बीजेपी की बन रही है। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, राजस्थान की जनता ने परिर्वतन का मूड बना लिया है। कांग्रेस को विदाई देने का लोगों ने मन बना लिया। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि भर्तियों में पेपर लीक के मामलों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजस्थान में 15 से अधिक मामले पेपर लीक के आए हैं, ऐसा देश में कहीं नहीं हुआ है। इसकारण जनता ने मन बना लिया है कि इस बार जनता जादूगर बनकर कांग्रेस सरकार को गायब कर देने वाली है और 3 दिसंबर को भाजपा की सरकार बनने वाली है। शाह ने कहा, राजस्थान के हर कोने में जनता ने परिवर्तन का मूड बनाया हुआ है। हर क्षेत्र में विफल और नाकाम कांग्रेस सरकार को विदाई देने के लिए राजस्थान के लोगों ने अपना मन बना लिया है। मैंने पूरे राजस्थान का दौरा किया है, और विश्वास के साथ कहना चाहता हूं कि राजस्थान में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बन रही है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा, राजस्थान ने हमेशा मोदी जी के साथ खड़ा रहकर भाजपा का समर्थन किया है। 2014 और 2019 दोनों चुनावों में सभी की सभी सीटें भाजपा को देकर राजस्थान की जनता ने हमेशा मोदी जी को अपना समर्थन दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, ‘सालासर में राम दरबार पर बुलडोजर चलाया, अलवर में शिवलिंग को ड्रिलिंग मशीन से तोड़ दिया, कठूमर में गौशाल पर बुलडोजर घुमा दिया, राजस्थान में इसतरह के तुष्टिकरण के कई मामले देखने को मिले हैं। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, गहलोत सरकार में तुष्टिकरण की राजनीति चरम सीमा पर है।
5 साल में छबड़ा, भीलवाड़ा, करौली, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, नोहर, मेवात, मालपुरा, जयपुर में सुनियोजित दंगे हुए हैं।
