इन्दौर । उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. के निर्देशन में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में एक गंभीर शिकायत मिलने पर की गई जांच के दौरान सांवेर तहसील के मांगलिया ग्राम की उचित मूल्य दुकान में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित विक्रेता और उसके सहायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी. के आदेश पर जिला स्तरीय टीम भेज कर सांवेर के मांगलिया की उचित मूल्य दुकान की जांच की गई । जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गई। इसमें मुख्य रूप से उपभोक्ताओं को उनकी पात्रता का राशन नहीं देना ,मात्रा से कम राशन देना, भौतिक सत्यापन करने पर 50 क्विंटल गेहूं कम पाया जाना, दो क्विंटल चावल कम पाया जाना, राशन की अफरा तफरी करने आदि अनियमितताएं शामिल हैं। इस पर उचित मूल्य दुकान के विक्रेता राकेश राठौर और सहायक विक्रेता प्रमोद दहाईगुढ़े दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 में प्रकरण पंजीबद्ध कर क्षिप्रा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। जांच कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी महादेव मुवेल और कल्पना परमाणीक शामिल थे।
