:: पुलिस सख्ती बढ़ेगी ::
इन्दौर l इन्दौर में नाइट कल्चर बंद नहीं होगा। अपराध नियंत्रित करने के लिए पुलिस की सख्ती जरूर बढ़ाई जाएगी। हमें नाइट कल्चर और पब कल्चर में अंतर समझना होगा। इन्दौर में कई पब हैं, शराब दुकानें हैं, रेस्त्रा हैं जो देर रात तक शराब परोसते हैं। इनकी वजह से अपराध बढ़ रहा है। इसे नियंत्रित करना होगा।
यह बात महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इन्दौर में बढ़ते अपराधों को देखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंधन करने तथा शहर में रात्रिकालीन बाज़ार को लेकर पुनर्विचार करने हेतु सोमवार रात रेसीडेंसी कोठी में हुई बैठक के बाद कही। बैठक में संभागायुक्त मालसिंह, कलेक्टर इलैया राजा टी, निगमायुक्त हर्षिका सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मैंदोला, आकाश विजयवर्गीय व पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता शामिल हुए। महापौर ने कहा कि माँ अहिल्या की नगरी इन्दौर की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाकर नागरिकों की सुरक्षा हेतु हम सभी दृढ़-संकल्पित है। इन्दौर में नाइट कल्चर नया नहीं है। दशकों से सराफा, राजवाड़ा क्षेत्र 24 घंटे खुला रहता आ रहा है। शहर 24 घंटे खुला रहे और पुलिस पूरी मुस्तैदी से इसकी सुरक्षा करती रहे तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अगर इसकी वजह से शहर में अपराध बढ़ रहे हैं तो हमें अपराध नियंत्रित करने के बारे में सोचना ही होगा।
:: नाइट कल्चर से अर्थव्यवस्था में सुधार : महापौर भार्गव
महापौर भार्गव ने कहा कि इन्दौर स्टूडेंट हब है। नाइट कल्चर से शहर की अर्थव्यवस्था सुधर रही है। हमें ऐसी व्यवस्था करना है कि नाइट कल्चर पूरी तरह से सुरक्षित रहे। लोग बगैर किसी खौफ के बाजार में आ-जा सकें। मैंने इस संबंध में पत्र भी लिखा था। अगर इस पत्र के बाद पुलिस की मुस्तैदी बढ़ी है तो यह अच्छी बात है।
:: खुलेआम बिक रहा है नशा, इसे नियंत्रित करना होगा : विजयवर्गीय
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इन्दौर स्टूडेंट हब है। पुलिस को ड्रग्स पर सख्ती से काम करना होगा। खुलेआम बिकने वाले नशे से युवाओं को बचाना होगा। पुलिस सड़क पर नजर आए और गुंडे-बदमाशों में पुलिस का खौफ होना चाहिए।
