इंदौर,28जुलाई,2023 : l केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 इंदौर में एन ई पी (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) के 3 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर एन ई पी की खूबियों, उपलब्धियों, वर्तमान स्वरूप, और भविष्य की संभावनाओं पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इंदौर शहर और उसके आसपास के सभी मीडिया जगत की हस्तियां इसमें शामिल हुईं। दूरदर्शन, आकाशवाणी, प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न समाचार पत्र एजेंसियों और न्यूज चैनल के संवाददाता इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। पत्रकारों के साथ-साथ अन्य केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, सीबीएसई के निजी विद्यालयों तथा राज्य सरकार के विद्यालयों के प्राचार्य, प्रतिनिधि, अभिभावक तथा अन्य बुद्धिजीवियों ने इसमें शिरकत की। कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के प्राचार्य श्री पी के बेदुये ने सभी का अभिनंदन करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के स्वरूप पर विस्तृत रूप में प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति किस प्रकार विद्यार्थियों, समाज और राष्ट्र के उत्थान में सकारात्मक भूमिका अदा करेगी। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत आने वाले शैक्षणिक, तकनीकी और विद्यालयीन परिवर्तनों की जानकारी के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन एवं केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 इंदौर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का जो क्रियान्वयन पिछले तीन वर्षों में किया गया है, उसको बताते हुए नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन किस प्रकार आगे संभव होगा, उस पर विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री मंगलेश व्यास द्वारा प्राचीन भारत वर्ष की शिक्षा व्यवस्था से लेकर नई शिक्षा नीति के आयामों पर विस्तृत रूप में प्रकाश डाला गया। नवोदय विद्यालय मानपुर के प्राचार्य श्री ओ पी शर्मा द्वारा नई शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं को समझाया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो तथा पी आई बी इंदौर के मीडिया प्रभारी श्री दिलीप सिंह परमार ने नई शिक्षा नीति के प्रचार प्रसार में मीडिया की भूमिका का संकल्प व्यक्त किया। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के प्राचार्य श्री मनीष जैन तथा केंद्रीय विद्यालय मऊ की प्राचार्य श्रीमती पूजा श्रीवास्तव एवम् सन्मति स्कूल की प्राचार्य श्रीमती अर्चना शर्मा द्वारा नई शिक्षा नीति के विभिन्न पक्षों को तथा क्रियान्वयन को समझाया गया।उप प्राचार्य श्री मनोज कुमार सादराणी ने पावर पॉइंट डिस्प्ले प्रस्तुति के द्वारा नई शिक्षा नीति के विभिन्न चरणों को समझाया गया। तत्पश्चात मीडिया जगत से आए पत्रकारों द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति से संबंधित प्रश्नोत्तरी का दौर चला, सभी शंकाओं, जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान प्राचार्य श्री पीके बेदुये द्वारा किया गया।
इसके पश्चात नई शिक्षा नीति से संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन विद्यालय के एच एम श्रीमती रूपाली यादव और श्री संजय शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसे आने वाले सभी अतिथियों अधिकारियों और पत्रकारों द्वारा सराहा गया। आभार विद्यालय की उप प्राचार्य डॉ संध्या तरफदार द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संगीता मिश्रा एवं श्रीमती निशा एडवर्ड ने किया।
