लखनऊ । यूपी के सीएम योगी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है। बैठक वित्तीय वर्ष 2023-24 में बजट प्रावधान को लेकर हुई। बैठक में सीएम ने शासन ने स्वीकृतियों, विभागाध्यक्ष द्वारा आवंटित धनराशि व्यय तथा केंद्र सरकार से लक्ष्य के लिये प्राप्त धनराशि की समीक्षा की गई और साथ ही विकास कार्य का भी जायजा लिया। जिसके बाद सीएम ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में बजट प्रावधान को लेकर बातचीत करने और विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए सरकारी आवास पर बैठक आयोजित हुई। इसमें सीएम योगी और सभी मंत्री और अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में सीएम ने सभी विकास कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि वर्ष की पहली तिमाही समाप्त हो चुकी है। सभी विभागों द्वारा वर्तमान बजट में प्राविधानित धनराशि का यथोचित व्यय सुनिश्चित किया जाए, आवंटन और व्यय में तेजी लाई जाए, विभागीय स्तर पर भी खर्च की समीक्षा की जाए, संबंधित मंत्री अपनी विभागीय स्थिति की समीक्षा करें। मुख्य सचिव द्वारा विभागीय आवंटन और व्यय की स्थिति की मासिक समीक्षा की जाए।
बैठक में सीएम ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं समय पर शुरू हों इसके लिए प्रक्रिया और तेज करने की जरूरत है। सीएम ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए। ग्राम पंचायतों और नगरीय वॉर्डों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना महत्वपूर्ण है। बेसिक शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए उच्च शिक्षा विभाग इसे तेजी से पूरा कराए।
सीएम ने कहा कि उच्च शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, लोक निर्माण, खाद्य एवं रसद, नगर विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सिंचाई एवं जल संसाधन जैसे विभागों की योजनाएं सीधे तौर पर आम जनता को प्रभावित करने वाली हैं। इनमें तेजी लाने की जरूरत है।
