:: यादव समाज का देश के विकास में बड़ा योगदान ::
:: समाज मजबूत एवं संगठित होगा तो देश भी मजबूत और संगठित रहेगा : शिवराज सिंह
:: मुख्यमंत्री ने यादव समाज की प्रतिभाओं का किया सम्मान ::
इन्दौर । मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि यादव समाज का देश के विकास में बड़ा योगदान है। इस समाज ने खेती-किसानी, दुग्ध उत्पादन, गौ-पालन, देश की सुरक्षा, खेल, शिक्षा, व्यापार-व्यवसाय सहित विकास के हर क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से प्रेरणा पाकर इस समाज ने अपनी उन्नति की है और देश में अपना विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण विश्व गुरू हैं। वे सर्वव्यापी हैं। उन्होंने गीता के माध्यम से देश-दुनिया को नई राह दिखाई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से संबंधित मध्यप्रदेश में स्थित सभी स्थानों को चिन्हित कर उनका विकास किया जायेगा। उज्जैन में सांदीपनी आश्रम का भी विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान रविवार को इन्दौर में यादव समाज प्रमुख कार्यसमिति (कोर कमेटी) द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री चौहान ने सभी प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम सबको मिलकर समाज को मजबूत बनाना होगा। समाज मजबूत एवं संगठित होगा तो देश भी मजबूत और संगठित रहेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के बताये मार्ग पर चलना हमारा परम कर्त्तव्य है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से हमें नई राह दिखायी, इस ग्रंथ से हमें उर्जा एवं शक्ति मिलती है। यह ग्रंथ दुनिया का अद्भूत ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-शाला के संबंध में बनी नीति में आवश्यकता के अनुसार सुधार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि गौ-शालाओं में गौ-पालन के लिये दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर चार गुना तक किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने इन्दौर में अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा स्थापित करने एवं स्मारक बनाने तथा पद्मश्री डॉ. भक्ति यादव की प्रतिमा उपयुक्त स्थल पर लगाये जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन्दौर में यादव समाज के बच्चों के विद्या अध्ययन एवं छात्रावास के लिये उपयुक्त स्थान चिन्हित कर भूमि आरक्षित करने के प्रयास किये जायेंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा दिखायी। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना सिखाया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से संस्कृति, संस्कार, परम्परा, नैतिक शिक्षा एवं पराक्रम के संबंध में सामाजिक चेतना जाग्रत की जाये। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री सचिन यादव, युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, गुलशन यादव, कमल यादव, डॉ. आर.डी.यादव आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला तथा मालिनी गौड़, नगर निगम के सभापति मुन्नालाल यादव तथा नंदलाल यादव भी मौजूद थे।
