नई दिल्ली । संघ लोक सेवा आयोग ने यूपीएससी सीएसई 2022 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। परिणाम की घोषणा के बाद पीएम मोदी ने सिविल सर्विस की परीक्षा पास करने वाले नौजवानों को बधाई दी। पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा कि मैं आपको आगे एक फलदायी और संतोषजनक करियर के लिए शुभकामनाएं देता हूं। यह देश की सेवा करने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का एक बहुत ही रोमांचक समय है।
गौरतलब है कि सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 2022 का आयोजन 5 जून, 2022 को किया गया था। इस परीक्षा के लिए कुल 11,35,697 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,73,735 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए थे। बता दें कि यूपीएससी सीएसई मुख्य परीक्षा का आयोजन सितंबर 2022 में किया गया था। सितंबर, 2022 में आयोजित मुख्य परीक्षा के लिए कुल 13,090 उम्मीदवार योग्य थे।
कुल 2,529 उम्मीदवारों ने परीक्षा के पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए क्वालिफायड हुए थे। आज यूपीएससी सीएसई 2022 परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया है। विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए आयोग द्वारा कुल 933 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है, जिसमें 613 पुरुष और 320 महिलाएं शामिल हैं।
