चूरू । योग गुरु बाबा रामदेव ने चूरू के सुजानगढ़ में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ सालासर बालाजी धाम में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत में शामिल करने की कामना को लेकर किए जा रहे हनुमन महायज्ञ में शिरकत की। योग गुरू बाबा रामदेव ने इस दौरान कहा कि जिस प्रकार के पाकिस्तान में हालात हैं उससे साफ जाहिर है कि उसके जल्दी ही चार टुकड़े होने वाले हैं और पाकिस्तान एक छोटा सा देश रह जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पीओके बलूचिस्तान और सिंध प्रांत अगले दिनों में भारत में शामिल हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जल्दी की हमारा अखंड भारत का सपना पूरा होगा। बाबा रामदेव ने यहां पद् विभूषण चित्रकूट के तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज की कथा में भी भाग लिया। रामदेव ने कथा सुनी। मीडिया से बातचीत में रामदेव ने कहा कि स्वामी रामभद्राचार्य महाराज की मनोकामना जल्द ही बालाजी महाराज पूर्ण करेंगे। इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि धर्मांतरण एक वैश्विक बीमारी है।
रामदेव ने कहा कि भारतीय शास्त्रों में पूरा ज्ञान भरा हुआ है। इनमें 10 लाख से ज्यादा श्लोक हैं लेकिन कुछ मंदबुद्धि लोग रामचरितमानस तक पर आक्षेप लगाने से बाज नहीं आते। हमारे लिए राष्ट्र धर्म सबसे बड़ा धर्म है। अगर बालाजी की कृपा देखनी है तो बंद आंखों वाले महाराज रामभद्राचार्य को देख लो। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योग क्रियाओं का भी प्रदर्शन किया और सभी से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।
कथावाचक चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि यह महायज्ञ अखंड भारत की परिकल्पना को साकार करेगा। इस दौरान उन्होंने बालाजी की कथाओं को भी बताया और कहा कि व्यक्ति को हमेशा कर्म करते रहना चाहिए कभी फल की इच्छा नहीं करनी चाहिए। महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि पीओके को भारत में शामिल करने की कामना को लेकर यहां 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ हो रहा है।
