इंदौर । मदुरै से दिल्ली जा रहे एक निजी एयरलाइन के विमान में 60 वर्षीय यात्री की तबीयत बिगड़ने पर उड़ान को चिकित्सकीय आपात स्थिति में इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम उतारा गया। इस यात्री को हवाई अड्डे के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइन की उड़ान संख्या 6ई-2088 वाले विमान में सवार अतुल गुप्ता (60) के मुंह से खून निकला और बीच सफर में उनकी हालत बिगड़ने लगी।
चिकित्सकीय आपात स्थिति के चलते मदुरै-दिल्ली उड़ान को इंदौर की ओर मोड़ते हुए स्थानीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम 05:30 बजे के आस-पास उतारा गया। हवाई अड्डे से गुप्ता को एक निजी अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुप्ता को हवाई अड्डे से अस्पताल ले जाने वाले एक डॉक्टर के मुताबिक वह हृदय रोग उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पहले ही जूझ रहे थे।
