नई दिल्ली । गुजरात में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही आधिकारिक तौर पर मुनादी नहीं हुई है, मगर भाजपा ने अभी से ही चुनावी रणनीति को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। गुजरात चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों और अपने दिग्गज नेताओं का गुजरात दौरा तय कर दिया है। 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से लेकर मीनाक्षी लेखी तक, कुल दर्जनभर केंद्रीय मंत्रियों का गुजरात के अलग-अलग इलाकों में जमावड़ा होगा। यानी 6 अक्टूबर को विदेश एवं संस्कृति मंत्री मीनाक्षी लेखी और बीएल वर्मा गुजरात दौरे पर हैं। मीनाक्षी लेखी विधानसभा की सीट व्यारा और निजार का प्रवास करेंगी, जबकि बीएल वर्मा महमदाबाद और महुधा का दौरा करेंगे। वहीं, 7 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति अजय भट्ट, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजुजू गुजरात के दौरे पर होंगे। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार जहां कालोल विधानसभा सीट पर दौरा करेंगे, वहीं स्मृति ईरनी आनंद जिले की पेटलाद और सोजित्रा सीट का दौरा करेंगी। साध्वी ज्योति अहमदाबाद जिले के विरमगाम और धोलका का दौरा करेंगी, जबकि अजय भट्ट अरवल्ली जिले के मोडासा विधानसभा सीट का दौरा करेंगी। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव अमरेली के सावरकुंडला और राजुला का दौरा करेंगे, जबकि किरेन रीजूजू भावनगर के महुआ का दौरा करेंगे।
