नई दिल्ली । दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली नगर निगम में छह हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है। सिसोदिया ने इस संबंध में बुधवार को उपराज्यपाल को एक पत्र लिखकर यह मांग की। सिसोदिया ने उपराज्यपाल पर सरकार के कामों में ‘हस्तक्षेप’ करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ ‘फर्जी जांच’ कराने के लिए भी उन पर निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो महीने पहले ही उपराज्यपाल को एमसीडी में भ्रष्टाचार के बारे में अवगत कराया था, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। सिसोदिया ने कहा, मैं आपका ध्यान एमसीडी में छह हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के संबंध में अपने पहले के पत्र की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। आपने उस मामले की सीबीआई जांच का आदेश नहीं दिया जो मैंने दो महीने पहले उठाया था। लेकिन, आप सरकार के कामों को रोकने के लिए फर्जी मामलों की जांच के आदेश देकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं लेकिन आप एमसीडी में भ्रष्टाचार नहीं देख पा रहे हैं।
