संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी संघ मुख्यालय में तिरंगा फहराया और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया
नागपुर(ईएमएस)। सारा देश आज आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। इस अवसर पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी संघ मुख्यालय में तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि भारत को काफी संघर्ष के बाद आजादी मिली अब उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को यह सोचना चाहिए कि वे देश को क्या दे रहे हैं। दरअसल, नागपुर में स्थित संघ मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद भागवत ने वहां आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विश्व को शांति का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि आज गर्व और संकल्प का दिन है। देश को बहुत संघर्ष के बाद आजादी मिली। उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है।
मोहन भागवत ने यह भी कहा कि लोगों को नहीं पूछना चाहिए कि देश और समाज उन्हें क्या देता है, बल्कि यह सोचना चाहिए कि वे देश को क्या दे रहे हैं। संघ मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में आरएसएस के कुछ स्वयंसेवक और प्रचारक मौजूद थे।
