नई दिल्ली l – आजादी के 75 सालों का जश्न मना रहे भारत को दुनिया भर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। बधाइयों का दौर केवल धरती ही नहीं, बल्कि अंतरिक्ष तक भी जारी है। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से भी बधाई दी गई है। यह जानकारी अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने दी है। इसके अलावा कई देशों के प्रमुखों की तरफ से भी भारत को शुभकामनाएं भेजी गई हैं।
इसबीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, करीब 40 लाख गौरवान्वित भारतीय-अमेरिकियों समेत दुनियाभर के लोगों द्वारा 15 अगस्त पर भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के साथ ही अमेरिका महात्मा गांधी के सच और अहिंसा के चिरस्थायी संदेश द्वारा निर्देशित भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में उसके लोगों के साथ है।
उन्होंने कहा, ‘इस साल, हम अपने महान लोकतंत्रों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। भारत और अमेरिका अपरिहार्य साझेदार हैं और अमेरिका-भारत की सामरिक साझेदारी कानून के राज और मानव आजादी तथा प्रतिष्ठा को बढ़ावा देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता पर टिकी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमारी साझेदारी दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों से और मजबूत हुई है। अमेरिका में जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने हमें और नवोन्मेषी, समावेशी और मजबूत देश बनाया है।’
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बानीज ने भारत की उपलब्धियों की प्रशंसा की है। साथ ही माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी स्वास्थ्य और डिजिटल के क्षेत्र में पीएम मोदी की तारीफ की है।
