इंदौर 23 मई, 2022
राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद के 28 एवं 29 मई को प्रस्तावित मध्यप्रदेश भ्रमण को लेकर व्यापक तैयारियां जारी है। आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में भोपाल से शामिल थे। इंदौर से संभागायुक्त कार्यालय से संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा तथा पुलिस कमिश्नर श्री हरिनारायणचारी मिश्र तथा कलेक्टर कार्यालय से कलेक्टर श्री मनीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री मनीष कपूरिया, एडीएम श्री अजयदेव शर्मा इस वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से निर्देश दिये कि राष्ट्रपति जी के आगमन एवं अन्य कार्यक्रमों की तैयारी उनकी गरीमा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी नही रखी जाए। इसके पूर्व एक अन्य वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस ने भी अपने स्तर पर तैयारियों की जानकारी ली। इस अवसर पर बताया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद 28 मई को प्रदेश के भोपाल आएंगे। वहा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के पश्चात 29 मई को उज्जैन पहुंचेंगे।
उज्जैन में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के पश्चात राष्ट्रपति जी इंदौर आएंगे और यहां से प्रस्थान करेंगे।
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने इंदौर में की जा रही व्यवस्थागत तैयारियों की जानकारी दी।
