शुजालपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शुजालपुर में आयोजित जनसेवा संकल्प कार्यक्रम में 387.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शुजालपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज, अकोदिया में शासकीय महाविद्यालय तथा पुलिस कर्मियों के लिए आवास निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शाजापुर जिले के सर्वांगीण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार नए कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में 196.70 करोड़ रुपये के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 190.91 करोड़ रुपये के 27 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय का भूमिपूजन तथा 121 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चार सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इसके अलावा विभिन्न सड़क, पुल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शुजालपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज, अकोदिया में कॉलेज, शुजालपुर-कालापीपल दो लेन सड़क, शुजालपुर बायपास, गौलाना बायपास, गौलाना को नगर पंचायत बनाने तथा पुलिस आवास निर्माण की घोषणा की। साथ ही शुजालपुर थाना मंडी में 50 अतिरिक्त पुलिस बल स्वीकृत करने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्री इंदर सिंह परमार, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।