इंदौर जिले में हुए जल अभिषेक अभियान की शुरूआत
पानी की हर एक बूंद को सहजने के लिये ग्रामीण आगे आयें-सांसद श्री लालवानी
इंदौर 11 अप्रैल, 2022
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज रायसेन से राज्य स्तरीय जल अभिषेक अभियान की शुरूआत की गई। इंदौर जिले में इस अभियान का सांवेर से जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट तथा देपालपुर के ग्राम कनवासा से सांसद श्री शंकर लालवानी ने शुभारंभ किया। इंदौर जिले में इस अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण और संवर्धन के लिये व्यापक कार्ययोजना तैयार कर आज से कार्य प्रारंभ किये गये। अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में 80 नए तालाब बनाये जायेंगे। जिले में 550 पुराने तालाबों का जीर्णोंद्धार किया जायेगा। साथ ही गांव का पानी गांव में और खेत का पानी खेत में रोकने संबंधी लगभग तीन हजार छोटे-मोटे कार्य कराये जायेंगे।
सांवेर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि जल बचाव के कार्य वर्तमान समय की बड़ी जरूरत है। हमे पानी की हर एक बूंद को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को जन आंदोलन के रूप में किया जाना चाहिए। हर एक व्यक्ति जल अभिषेक अभियान में भागीदार बने और पानी की बूंद-बूंद को बचाए। श्री सिलावट ने सांवेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मांडोत के ग्राम सिनोद में 23 लाख रूपये की लागत से बनने वाले अमृत सरोवर तालाब का भूमिपूजन किया। इसी तरह सांसद श्री शंकर लालवानी ने देपालपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत रूद्राख्या के ग्राम कनवासा में 17 लाख रूपये की लागत से बनने वाले नए तालाब का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। यहां आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गोपाल सिंह चौधरी अन्य जनप्रतिनिधि श्री गुमान सिंह, श्री उमा नारायण पटेल, श्री भारत आंजना, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा आदि उपस्थित थे। सांसद श्री लालवानी ने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे जल संरक्षण कार्यों के लिये आगे आयें। उन्होंने पानी की हर एक बुंद को सहजने का संकल्प भी ग्रामीणों को दिलाया।
जिले में आज सभी ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। बताया गया कि
वर्षा काल के पूर्व ग्रीष्म काल में वर्षा जल के संग्रहण और ‘भू जल संवर्धन के उद्देश्य से जलाभिषेक अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं के अभिसरण और जन सहभागिता से जल संरक्षण कार्यो का सघन कार्यान्वयन है।
अभियान अंतर्गत जनचेतना के प्रसार एवं वातावरण निर्माण हेतु गत 25 मार्च से 5 अप्रैल की अवधि में सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम जल यात्राओं का आयोजन किया गया और जनपद स्तर पर जल सम्मेलन किए गए।
