इंदौर। स्वाद के शौकीनों के लिए इंदौर के एसेंशिया लग्जरी होटल में 26 जुलाई तक ‘कबाब, बिरयानी एंड करीज़ फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। इस फूड फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का अनूठा स्वाद एक ही स्थान पर परोसा जा रहा है।
फेस्टिवल में वेज और नॉन-वेज दोनों तरह के व्यंजनों की आकर्षक श्रृंखला उपलब्ध है। स्टार्टर्स में कई प्रकार के कबाब और टिक्के मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं, जबकि मुख्य भोजन में विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध करियां और दम बिरयानी विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
फेस्टिवल की खासियत लाइव स्पेशलिटी काउंटर है, जहां मेहमानों के सामने ताज़ा रूमाली रोटी और वरकी पराठे तैयार किए जा रहे हैं। वहीं बिरयानी प्रेमियों के लिए हैदराबादी, लखनवी, रामपुरी, सिंधी और ग्रीन मसाला चिकन बिरयानी सहित कई स्वादिष्ट विकल्प उपलब्ध हैं। इसके साथ सलाद, रायता, हलीम और अन्य पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जा रहे हैं।
होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ छवि कुमार ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक स्वाद को एक ही छत के नीचे लोगों तक पहुंचाना है। वहीं होटल के जनरल मैनेजर शिवेंद्र सिंह ने कहा कि यह फूड फेस्टिवल सिर्फ लज़ीज़ व्यंजनों का स्वाद ही नहीं, बल्कि भारतीय खानपान की समृद्ध विविधता का भी शानदार अनुभव प्रदान करेगा।