उज्जैन में चातुर्मास की मंगल ध्वनि: दस स्थानों पर संत-साध्वी मंडलों का होगा प्रवेश, चार माह तक धर्ममय रहेगा शहर
शोभायात्राओं से होगा स्वागत, प्रवचन, तप, आराधना और संस्कारों की बहेगी अविरल धारा
उज्जैन (अश्विन चोपड़ा)। धर्मनगरी उज्जैन एक बार फिर चातुर्मास की आध्यात्मिक छटा से आलोकित होने जा रही है। जैन समाज के विभिन्न संघों, मंदिरों, उपाश्रयों एवं स्थानकों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आगामी दिनों में श्वेताम्बर, स्थानकवासी और दिगम्बर परंपरा के आचार्य, मुनि एवं साध्वी मंडलों का मंगल प्रवेश होगा। संत-साध्वी भगवंतों के आगमन के साथ ही चार माह तक शहर का वातावरण धर्म, तप, त्याग, स्वाध्याय, प्रवचन और आराधना से अनुप्राणित रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली मंगल शोभायात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की संभावना है।
सबसे पहले चौमुखा जिनालय, सुभाष नगर में प.पू. साध्वीवर्या श्री शशिप्रभाश्रीजी म.सा. की शिष्या प.पू. साध्वीवर्या श्री चारुधर्माश्रीजी म.सा. आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश 7 जुलाई को श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हो चुका है।
श्री शांतिनाथ जिनालय, लक्ष्मी नगर में श्रमण मुनि 108 श्री प्रणीत सागर जी महाराज एवं क्षुल्लक 105 श्री विधेय सागर जी महाराज का मंगल प्रवेश 12 जुलाई को प्रातः 8 बजे श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर पंचायती मंदिर से होगा।
15 जुलाई (आषाढ़ सुद एकम) को शहर में एक साथ कई प्रमुख चातुर्मास प्रवेश होंगे। श्री आदिश्वर भगवान की पेढ़ी, श्री विजयहीरसूरीश्वरजी बड़ा उपाश्रय, खाराकुआं में प.पू. नाकोड़ा तीर्थोद्धारक मेवाड़ केसरी आचार्य श्रीमद् विजय हिमाचल सूरिश्वरजी म.सा. की समुदायवर्ती, गच्छाधिपति आचार्य श्री रविशेखरसूरीश्वरजी म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी साध्वी श्री उद्योतश्रीजी म.सा. की शिष्या-प्रशिष्या पूज्य साध्वी श्री उपेन्द्रयशाश्रीजी म.सा., श्री सुहितरत्नाश्रीजी म.सा., श्री सुरभिरत्नाश्रीजी म.सा. एवं श्री सुप्रितरत्नाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा का मंगल प्रवेश प्रातः 8:30 बजे पार्श्वनाथ परिसर, सूरज नगर स्थित खिमसरिया परिवार के निवास से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा।
इसी दिन श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन श्वेताम्बर ट्रस्ट मंडल एवं श्री संघ, अरविंद नगर में प्रथम बार मालव विभूषण पूज्य आचार्यदेव श्रीमद् विजय वीररत्न सूरीश्वरजी महाराजा की दिव्य प्रेरणा एवं मंगल आशीर्वाद से पूज्य आचार्यदेव श्रीमद् विजय पद्मभूषणसूरीश्वरजी महाराजा आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश मनोहरलाल जैन (मावा वाला) परिवार के तुलसी नगर स्थित निवास से प्रातः 8:30 बजे निकलेगा।
17 जुलाई को श्री आदेश्वर चंदाप्रभु चतुर्विध श्रीसंघ, नयापुरा में परम पूज्य साध्वी श्री तारणरत्नाश्रीजी महाराज साहिबा आदि ठाणा-2 का चातुर्मास प्रवेश होगा। मंगल प्रवेश प्रातः श्री ज्ञानचंद कोचर के निवास से भव्य शोभायात्रा के साथ प्रारंभ होकर श्री चंदाप्रभु उपाश्रय पहुंचेगा।
19 जुलाई को वर्धमान स्थानकवासी सावन संघ, महावीर भवन, नमक मंडी में पारसमुनि जी महाराज साहब एवं ठाणा-5 का मंगल प्रवेश प्रातः 9 बजे क्षीरसागर से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा।
26 जुलाई को शहर में दो प्रमुख चातुर्मास प्रवेश होंगे। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, नयापुरा में श्रमण संघीय आचार्य सम्राट ध्यान योगी डॉ. श्री शिवमुनि जी म.सा. के आज्ञानुयायी तथा मेवाड़ भूषण पूज्य गुरुदेव श्री प्रतापमुनि जी म.सा. के प्राशिष्य एवं संथारा साधक प्रवर्तक गुरुदेव प्रताप कुल कमल रमेशमुनि जी म.सा. के शिष्य जैन दिवाकरीय प्रवर्तक पूज्य श्री विजयमुनि जी म.सा., प्रवचन प्रभावक उपप्रवर्तक पूज्य श्री चन्द्रेशमुनि जी म.सा., तपस्वी रत्न पूज्य श्री अरिहंत मुनि जी म.सा. तथा पूज्य श्री जिनेन्द्र मुनि जी म.सा. आदि ठाणा का चातुर्मास मंगल प्रवेश रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 8:30 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगा।
इसी दिन श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी, खाराकुआं जैन मंदिर में प.पू. शासन प्रभाविका साध्वीवर्या श्री दिव्ययशाश्रीजी म.सा., साध्वी श्री दिव्यदर्शाश्रीजी म.सा. एवं साध्वी श्री दिव्यनेहाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा का भव्य चातुर्मास प्रवेश श्री शीतलनाथ जैन कांच मंदिर से प्रातः 8:30 बजे निकलेगा।
श्री राजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर, नमक मंडी, उज्जैन में पूज्य रिद्धी निधि जी म.सा. आदि ठाणा-6 का चातुर्मास मंगल प्रवेश 27 जुलाई को आयोजित होगा। मंगल प्रवेश शोभायात्रा वी.डी. क्लॉथ मार्केट से प्रारंभ होकर श्री राजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर पहुंचेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
वहीं श्री केसरियानाथ मणिभद्र यक्षराज तीर्थधाम, भैरवगढ़ में पूज्य मैत्रीदर्शनाश्रीजी महाराज साहिबा का चातुर्मास भी निश्चित हो गया है। हालांकि उनके मंगल प्रवेश की तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है। तिथि घोषित होने पर श्रीसंघ द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।
चातुर्मास के दौरान सभी धार्मिक स्थलों पर प्रतिदिन प्रवचन, आगम वाचन, स्वाध्याय, सामायिक, प्रतिक्रमण, तप, जप, धार्मिक संस्कार शिविर, बाल एवं युवा संस्कार वर्ग, सामूहिक आराधना तथा अनेक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। संत-साध्वी भगवंतों के सान्निध्य में श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन, संयम, सदाचार और आध्यात्मिक उन्नति का अनुपम अवसर मिलेगा।
जैन समाज के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में चातुर्मास प्रवेश शोभायात्राओं एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। चार माह तक उज्जैन की फिजाओं में धर्म, साधना और संस्कारों की अनुगूंज सुनाई देगी।
चातुर्मास प्रवेश
7 जुलाई – चौमुखा जिनालय, सुभाष नगर (प्रवेश संपन्न)
12 जुलाई – श्री शांतिनाथ जिनालय, लक्ष्मी नगर
15 जुलाई – बड़ा उपाश्रय, खाराकुआं
15 जुलाई – श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर, अरविंद नगर
17 जुलाई – श्री चंदाप्रभु उपाश्रय, नयापुरा
19 जुलाई – वर्धमान स्थानकवासी संघ, महावीर भवन, नमक मंडी
26 जुलाई – श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, नयापुरा
26 जुलाई – श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी, खाराकुआं
27 जुलाई – श्री राजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर, नमक मंडी
श्री केसरियानाथ मणिभद्र यक्षराज तीर्थधाम, भैरवगढ़ – प्रवेश तिथि घोषित होना शेष