इंदौर। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा 15 जून 2026 को देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल, इंदौर पर ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य यात्रियों को विमानतल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानना तथा यात्रा अनुभव को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है।
इंदौर विमानतल के जनसंपर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव ने बताया कि यात्रियों को केंद्र में रखकर आयोजित यह कार्यक्रम विमानतल को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से यात्रियों और विमानतल प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत आगमन एवं प्रस्थान करने वाले यात्रियों का भारतीय संस्कृति के अनुरूप तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। वहीं विमानतल के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों द्वारा यात्रियों के लिए विशेष छूट एवं आकर्षक ऑफर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, ताकि यात्रियों एवं आमजन तक विमानतल की विभिन्न यात्री-केंद्रित पहलों की जानकारी पहुंचाई जा सके।
वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, कर्मियों का होगा सम्मान
‘यात्री सुविधा दिवस’ के दौरान टर्मिनल भवन में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके साथ ही विमानतल पर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले हाउसकीपिंग स्टाफ तथा विमानन क्षेत्र में कार्यरत महिला कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत होगा वृक्षारोपण
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ग्रीन इनिशिएटिव योजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों एवं कर्मचारियों के लिए टर्मिनल भवन में निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जाएगा।
यात्रियों के फीडबैक से सेवाओं में होगा सुधार
यात्री सुविधा दिवस के दौरान यात्रियों से विमानतल की सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में सुझाव एवं फीडबैक भी लिए जाएंगे। विमानतल प्रशासन का मानना है कि इससे यात्रियों और प्रशासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने में सहायता मिलेगी।
विमानतल प्रशासन ने यात्रियों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने और अपने सुझाव साझा करने की अपील की है, ताकि इंदौर एयरपोर्ट को और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक एवं यात्री-अनुकूल बनाया जा सके।
