माधव एक्सप्रेस,उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने ऑनलाइन रूम बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली 11 फर्जी वेबसाइटों और लिंक्स को ब्लॉक कर बंद करा दिया है।
श्रद्धालुओं से हो रही थी धोखाधड़ी
दरअसल, देशभर से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते हैं। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइटें और लिंक बना रखे थे। इन साइट्स के जरिए श्रद्धालुओं से होटल और ‘भक्त निवास’ में कमरा बुक करने के नाम पर ऑनलाइन पैसे ऐंठ लिए जाते थे। जब श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते, तो उन्हें पता चलता कि उनकी कोई बुकिंग ही नहीं है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
साइबर सेल की जांच में हुआ खुलासा
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में साइबर सेल ने तकनीकी जांच और विश्लेषण शुरू किया। जांच में पाया गया कि ये फर्जी वेबसाइटें और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स सीधे तौर पर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।
यह कृत्य सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दंडनीय पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय उज्जैन द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से संबंधित इंटरमीडियरी/प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर इन वेबसाइटों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया।
ये फर्जी वेबसाइटें और लिंक्स किए गए बंद:
[https://www.mptsamratvikramadityatheheritage.online/](https://www.mptsamratvikramadityatheheritage.online/)
[https://mahakaleshwarbhaktniwas.great-site.net/](https://mahakaleshwarbhaktniwas.great-site.net/)
[https://mahakaleshwarbhaktniwas.co.in/](https://mahakaleshwarbhaktniwas.co.in/)
[https://shreemahakaleshwarbhaktniwas.co.in/](https://shreemahakaleshwarbhaktniwas.co.in/)
[https://www.madhavsevanyash.com/](https://www.madhavsevanyash.com/)
[https://shrimahakaleshwarbhaktaniwas.in/](https://shrimahakaleshwarbhaktaniwas.in/)
[https://shrimahakaleshwarbhaktaniwasuj81.godaddysites.com/](https://shrimahakaleshwarbhaktaniwasuj81.godaddysites.com/)
[https://shrimahakaleshwarbhaktniwas.co.in/](https://shrimahakaleshwarbhaktniwas.co.in/)
[https://anjusreehotelujjain.info/](https://anjusreehotelujjain.info/)
फर्जी ट्रिप एडवाइजर (TripAdvisor) लिंक
फर्जी जस्टडायल (Justdial) लिंक
उज्जैन पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है:
आधिकारिक स्रोतों का ही करें उपयोग: होटल, धर्मशाला या भक्त निवास की बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
सत्यापन जरूरी: किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर या संदिग्ध वेबसाइट पर पैसे भेजने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
तुरंत करें शिकायत: यदि आप किसी साइबर धोखाधड़ी के शिकार होते हैं, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने/साइबर सेल से संपर्क करें।
ऑनलाइन शिकायत: नागरिक अपनी शिकायत राष्ट्रीय साइबर पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज करा सकते हैं।
उज्जैन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ इस तरह की प्रभावी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
