आचार्य विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी के सान्निध्य में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मक्सी। नगर स्थित अति प्राचीन श्री मक्सी पार्श्वनाथ जैन महातीर्थ में भव्य एवं आध्यात्मिक महामांगलिक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित किया।
परम पूज्य आचार्य देव श्री नवरत्नसागर सूरीश्वरजी म.सा. के शिष्य, युवा हृदय सम्राट एवं सर्वधर्म दिवाकर आचार्य श्री विश्वरत्नसागर सूरीश्वरजी म.सा. के सान्निध्य में आयोजित इस महामांगलिक को विशेष रूप से प्रभावशाली एवं मंगलकारी माना गया। मंत्रोच्चार के माध्यम से विघ्नों के नाश एवं आधि-व्याधि-उपाधि से मुक्ति की कामना की गई।
एक दिन पूर्व आचार्य श्री का मक्सी नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस दौरान निकले वरघोड़े में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए और पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।
कार्यक्रम श्रीराम गार्डन, कालाभाटा जैन मंदिर के पीछे आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ, मक्सी महातीर्थ के समस्त सदस्यों का विशेष योगदान रहा। विभिन्न स्थानों के श्रीसंघों को भी इस आयोजन हेतु निमंत्रण प्रेषित किए गए थे।
इस अवसर पर विधायक अरुण भीमावत, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि पांडे, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहन पटेल (कालू पटेल), सपन जैन सहित जैन समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंघवी एवं दीपक सालेचा द्वारा किया गया।