शाजापुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देश पर, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर के मार्गदर्शन में ग्रीष्म ऋतु एवं आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र स्थित आनंद जूस एवं कोल्ड ड्रिंक्स से मटका कुल्फी, आइसक्रीम एवं लस्सी के सैंपल लेकर उन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दल द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र के फूड जोन, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसमें सब्जियों एवं फलों की नियमित छंटाई, कड़ाई में उपयोग होने वाले तेल को समय-समय पर बदलने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, खाद्य रंग का सीमित उपयोग करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश शामिल हैं।
साथ ही व्यवसायियों को खरीदी-बिक्री के बिलों का संधारण, रिकॉर्ड मेंटेन रखने तथा मानक स्तर की गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग कर कुल्फी एवं जूस तैयार करने और सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय करने के संबंध में लैब केमिस्ट द्वारा प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस कार्रवाई में जांच दल प्रभारी नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एम.के. वर्मा एवं श्री के.एल. कुम्भकार, स्थानीय पुलिस बल एवं पटवारी उपस्थित रहे।