उज्जैन, 17 मार्च। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान स्व. गुरकीरत मनोचा के निवास पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से भेंट कर कनाडा में हुई असामयिक एवं दुःखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के एक होनहार छात्र की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा स्व. गुरकीरत के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।