उज्जैन । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी जिला उज्जैन शाखा एवं सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, ऋषिनगर उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में लगभग 102 महिलाओं एवं 22 पुरुषों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र झालानी, सचिव अनुराग जैन, सरस्वती शिशु मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्त एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. एकता इंगले उपस्थित रहीं।
अतिथियों का स्वागत प्राचार्य भगवान सिंह ठाकुर, प्रधानाचार्य राधेश्याम शर्मा एवं हर्षवती शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजेंद्र झालानी ने रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों की जानकारी दी और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं सचिव अनुराग जैन ने सभी को रेडक्रॉस के सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पवित्रा शाह ने किया, जबकि आभार प्राचार्य डॉ. एकता इंगले ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा उज्जैन द्वारा महाविद्यालय की कर्मचारी बबीता सांगते का सम्मान किया गया। साथ ही जिला चिकित्सालय उज्जैन के डॉक्टरों एवं पैथोलॉजी टीम का दुपट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।