संसाधनों की कमी अब पढ़ाई में बाधा न बने, इसी सोच के साथ शुरू हुई ‘संभव’ पहल
Spread the love‘संभव’ पहल के माध्यम से बोर्ड...
Spread the love‘संभव’ पहल के माध्यम से बोर्ड...
Spread the love*मुंबई*कोमल नाहटा अब ज़ी स्टूडियोज़ के...
Spread the loveमुंबई, हिंदी सिनेमा हाल के समय...
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छठ पूजा पर यातायात संभालने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। यातायात पुलिस ने महानगर के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की देखते हुए कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू करने की घोषणा की है।
यातायात पुलिस परामर्श के अनुसार, आज दोपहर से मंगलवार सुबह तक प्रमुख छठ पूजा घाटों से सटी सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है, लिहाजा लोगों को घाटों के पास जाने से बचने और जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। परामर्श में कहा गया है कि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुराना लोहा पुल (ओल्ड रेलवे ब्रिज) के पास गांधी नगर छठ पूजन समिति नाव घाट, पूर्वांचल नव निर्माण संगत घाट और गीता कॉलोनी के पास सत्यमेव जयते घाट पर 45-45 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
डीएनडी यमुना खादर और शास्त्री पार्क के पास बनाए गए छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं, ऐसे में गीता कॉलोनी, आईपी एक्सटेंशन और शास्त्री पार्क के पास यातायात की गति बेहद धीमी रहने का अनुमान है। परामर्श के अनुसार, भजनपुरा में शास्त्री पार्क से युधिष्ठिर सेतु तक जीटी रोड पर आज शाम पांच बजे से सात बजे के बीच और मंगलवार सुबह पांच बजे से सात बजे के बीच वाणिज्यिक वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। गांधी नगर में शांतिवन लूप और लक्ष्मी नगर से कैलाश नगर रोड आज शाम पांच बजे से छह बजे तक और कल मंगलवार सुबह पांच बजे से सात बजे तक बंद रहेगी। यातायात को अप्रयुक्त नहर रोड की तरफ मोड़ा जाएगा।
परामर्श के अनुसार, खजूरी खास में सोनिया विहार की ओर जाने वाले यातायात को नानकसर से ओल्ड वजीराबाद रोड की ओर, जबकि सोनिया विहार बॉर्डर से वाहनों को एमसीडी टोल से सभापुर गांव की ओर मोड़ा जाएगा। इसमें कहा गया है कि मध्य और उत्तरी दिल्ली में जगतपुर स्थित श्याम घाट, शनि मंदिर घाट और आईएसबीटी के पास वासुदेव घाट समेत कई घाटों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मजनू का टीला, बुराड़ी, वजीराबाद रोड और यमुना के आसपास के इलाकों में लोगों को भारी यातायात जाम का सामना करना पड़ सकता है।
इसमें कहा गया है कि दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कालिंदी कुंज के भोला घाट पर ढाई से तीन लाख श्रद्धालुओं के इकट्ठा होने की संभावना है। वहीं, आया नगर में खसरा नंबर 1575, श्री राम चौक के पास शिव घाट और संगम विहार में अस्थल मंदिर में भी भारी भीड़ जुट सकती है। लाल कुआं से तुगलकाबाद एक्सटेंशन, खादर कालिंदी कुंज रोड, आगर नहर रोड और रोड नंबर 13 तक एमबी रोड पर वाहनों की आवाजाही धीमी रह सकती है।
यातायात पुलिस के परामर्श में साफ कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम और बाहरी दिल्ली में, गोल्फ कोर्स के पास भलस्वा झील और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास यूपी बिहार एकता महामंच में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। बवाना, होलंबी कलां, नरेला और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों के पास यातायात मार्ग में बदलाव किया जा सकता है।
