इंदौर 29 दिसम्बर 2021
नेहरू युवा केन्द्र इन्दौर द्वारा चलाये जा रहे सात दिवसीय 13वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के पंचम दिवस पर सांसद श्री शंकर लालवानी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद श्री लालवानी ने अपने आतिथ्य उद्बोधन में कहा कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन के प्रयोजन में युवाओं का मिलन राष्ट्र की एकता एवं संस्कृति को मजबूती प्रदान करता हैं। उन्होंने आगे कहा कि विभिन्न राज्यों से आये युवक-युवतियों ने न केवल मध्य प्रदेश की संस्कृति को जाना बल्कि बिहार, छत्तीसगढ, तेलंगाना एवं महाराष्ट्र की संस्कृति, भाषाशैली, पहनावा, बोली के साथ ही ऐतिहासिक स्थलों को आपस में जाना। यह इस कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही हैं। इस अवसर पर सांसद श्री लालवानी ने विभिन्न राज्यों से आये युवक-युवतियों से संवाद भी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ का धान का कटोरा एवं महाराष्ट्र की लावणी लोकनृत्य का शानदार प्रदर्शन युवक-युवतियों ने किया।
कार्यक्रम के दौरान सप्ताह भर चली विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओ को सांसद श्री लालवानी ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र इन्दौर की उपनिदेशक श्रीमती तारा पारगी ने सात दिवसीय कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया ।
