मक्सी। युवाओं को नशे से बचाने और जागरूक करने के उद्देश्य से मक्सी थाना पुलिस द्वारा तिलक हायर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल ने किया।
थाना प्रभारी ने छात्रों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और समझाया कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उन्हें नशे से दूर रहकर समाज को सही दिशा में ले जाना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशा मुक्त रहने, नशे के खिलाफ आवाज उठाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य पदम सिंह देथलिया, प्राचार्य शैलेश टीना खुजूर और स्कूल स्टाफ की उपस्थिति रही। सभी ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज को जागरूक और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।