नईदिल्ली (माधव एक्सप्रेस/ ऊषा माहना)

भारतीय सेना द्वारा सम्पन्न हुए ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व सफलता पर गौरव और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्री ऑल इंडिया श्वेतांबर स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस की राष्ट्रीय युवा शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को भारत सरकार के रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह से उनके नई दिल्ली स्थित कार्यालय में स्नेह भेंट की।
इस प्रतिनिधिमंडल में जैन काॅन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल जैन, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विपुल जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मुनीश जैन , प्रान्तीय युवा अध्यक्ष दिल्ली विनीत जैन एवं राष्ट्रीय सलाहकार नेपाल सिंह प्रमुख रूप से सम्मिलित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री गडकरी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की विजयगाथा पर संपूर्ण जैन समाज एवं देश के युवाओं की ओर से गौरवपूर्ण अभिनंदन एवं आभार अर्पित किया। साथ ही वीर सैनिकों को समर्पित एक ‘राष्ट्रव्यापी विशाल रक्तदान शिविर’ आयोजन की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए, इस पुण्य प्रयास हेतु मंत्री के प्रेरक मार्गदर्शन एवं सहयोग का निवेदन किया।
राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की भावनाओं को हर्षपूर्वक स्वीकार करते हुए जैन कॉन्फ्रेंस की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने प्रस्तावित रक्तदान शिविर को देशप्रेम, अनुशासन और सेवा-भाव का जीवंत प्रतीक बताया तथा युवाओं को इस दिशा में प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया।
अतुल जैन ने इस अवसर पर कहा:
“ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य शक्ति, रणनीतिक चातुर्य एवं संकल्प का प्रतीक है। यह केवल एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता और अखंडता की पुनर्पुष्टि है। हम सम्पूर्ण जैन समाज की ओर से इस ऐतिहासिक सफलता पर सेना को नमन करते हैं। हमारे देश के वीर सपूतों के सम्मान में आयोजित होने जा रहा रक्तदान शिविर एक प्रकार से समाज का राष्ट्र के प्रति आभार प्रदर्शन है। यह कदम हमारी ‘अहिंसा में ही सेवा’ की भावना को ‘रक्तदान’ जैसे जीवनदायी कृत्य के माध्यम से व्यक्त करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जैन कॉन्फ्रेंस सदैव राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि मानती रही है और आने वाले समय में भी ऐसे सार्थक प्रयासों के लिए हर स्तर पर सक्रिय योगदान देती रहेगी।
