प्रधानमंत्री ने दी 7550 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाएं
—————————————-
झाबुआ ( राहुल मिश्रा बेचैन , देवेन्द्र साहू)
मध्य प्रदेश के लिए आज का दिन उपलब्धियों से भरा और यादगार रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रदेश के प्रवास पर आए। उन्होंने ने झाबुआ जिले के ग्राम गोपालपुरा में जनजातीय महा सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के लिए 7 हजार 550 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इससे मध्यप्रदेश में विकास की गति बढ़ जाएगी।
प्रधानमंत्री ने आज रेलवे एवं नेशनल हाइवे अथोरिटी ऑफ इंडिया के तहत विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
इसमें रतलाम रेलवे के 27.15 करोड रूपये से होने वाले पुर्नविकास के अंतर्गत 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। यह रतलाम शहर के लिए बहुत उपयोगी होगा।
इसके साथ ही 25.18 करोड रूपए की लागत से मेघनगर रेलवे स्टेशन के पुर्नविकास कार्य का शिलान्यास किया । इससे स्टेशन उन्नत होगा तथा रेल यात्रा सुगम होगी।
श्री मोदी ने 604 करोड रूपए की लागत वाली इन्दौर-देवास-उज्जैन रेलवे लाइन के दोहरीकरण परियोजना का लोकार्पण किया। इसी के साथ 236.82 करोड रूपए की लागत से निर्मित इटारसी नॉर्थ साउथ ग्रेड सेपरेटर तथा 51 किलोमीटर लंबी बरखेड़ा बुधनी इटारसी लाइन जो कि 2137 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हुई , उस परियोजना को लोकार्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सीएम राइस स्कूल का लोकार्पण, 27 करोड़ रुपए की लागत से बने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल , लिगेसी वेस्ट डंपिंग ग्राउंड की 25.19 करोड़ रुपए लागत की पुनरुद्धार परियोजना का लोकार्पण , तलावड़ा ड्रिकिंग वाटर परियोजना का लोकार्पण किया।
इससे धार एवं रतलाम जिले के 1हजार 011 गांवों में पीने के पानी की व्यवस्था होगी।
श्री मोदी इंदौर संभाग के निमाड़ अंचल को 170 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले टंटिया मामा विश्वविद्यालय की सौग़ात दी।
उन्होंने सिंगल क्लिक से प्रधानमंत्री आहार अनुदान योजना की राशि हितग्राहियो को प्रदान की। इसके साथ ही 1 लाख 75 हजार अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियो को प्रदान किए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उक्त परियोजनाओं की चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फ़िल्म का प्रदर्शन हुआ।
कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय ग्रामीण विकास और इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय जनजातीय कार्य विभाग मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद वी डी शर्मा, झाबुआ के सांसद गुमान सिंह डामोर, मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री नागर सिंह चौहान, मुख्य सचिव वीणा राणा सहित मध्य प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारी गण सहित गणमान्य जन उपस्थित थे।
