नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के डायरेक्टर संजय कुमार मिश्र का कार्यकाल खत्म हो गया। उनकी जगह राहुल नवीन को ईडी का अंतरिम डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। बिहार के रहने वाले राहुल 1993 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं। वे ईडी मुख्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी और विशेष निदेशक हैं। नए निदेशक की औपचारिक नियुक्ति होने तक वे निदेशक की जिम्मेदारी निभाएंगे। संजय मिश्रा लगभग 4 साल 10 महीने ईडी निदेशक रहे। संजय मिश्रा को पिछले साल 18 नवंबर को रिटायर होना था। केंद्र ने अध्यादेश के जरिए उनका कार्यकाल तीसरी बार बढ़ाया था, जबकि कोर्ट पहले ही कह चुका था कि दूसरी बार के बाद संजय मिश्रा का कार्यकाल न बढ़ाया जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद मिश्रा 31 जुलाई तक पद पर थे। इस दौरान ही सरकार को नए चीफ की नियुक्ति करनी थी।
