असुविधा के लिए पहले से ही दिल्लवासियों से मांगी माफी
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली के लोगों से असुविधा के बावजूद आगामी जी20 शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में मदद करने का आग्रह किया। शिखर सम्मेलन 9 से 10 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होगा। इसमें यूरोपीय संघ और आमंत्रित अतिथि देशों के 30 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 14 प्रमुखों के भाग लेने की संभावना है। दो देशों की यात्रा से लौटने पर सार्वजनिक स्वागत समारोह को संबोधित कर पीएम मोदी ने लोगों से जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के कारण होने वाली असुविधा के लिए पहले से माफी मांगी। पीएम मोदी ने कहा, पूरा देश जी20 शिखर सम्मेलन का मेजबान है, लेकिन मेहमान दिल्ली आ रहे हैं। दिल्ली के निवासियों पर जी20 शिखर सम्मेलन को सफल बनाने की विशेष जिम्मेदारी है। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि देश की प्रतिष्ठा पर जरा भी आंच न आए।
उन्होंने माना कि ट्रैफिक नियमों में बदलाव से दिल्लीवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, 5 सितंबर से 15 सितंबर तक बहुत असुविधा होगी, इसके लिए मैं पहले से माफी मांगता हूं। ये हमारे मेहमान हैं, ट्रैफिक नियम बदल जाएंगे, आपको कई जगहों पर जाने से रोका जाएगा लेकिन कुछ चीजें जरूरी हैं। उन्होंने कहा, जी20 के लिए दिल्ली के निवासियों को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह सुनिश्चित करना आपकी जिम्मेदारी है कि राष्ट्रीय तिरंगा शान से ऊंचा लहराता रहे।
