बड़वानी/इन्दौर । स्वीप की गतिविधि के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल फटिंग के निर्देशन में सोमवार को फुटबाल ग्राउण्ड बड़वानी में मतदाता जागरूकता के तहत ‘‘यूथ चला बूथ‘‘ स्लोगन की विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई तथा शहीद भीमा स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के प्रांगण में ‘‘मतदान के प्रतीक‘‘ की विशाल मानव श्रृंखला शासकीय एवं प्रायवेट स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘‘सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो‘‘ के नारे भी लगाये। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल फटिंग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान की शपथ भी दिलवाई। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य 31 अगस्त तक चल रहा है। इसके तहत 01 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। साथ ही मृत व्यक्तियों के नाम तथा मतदाता परिचय पत्र में संशोधन हो तो उसे भी अभियान के अंतर्गत बीएलओ से संपर्क कर करवा सकते है।
