22 जुलाई को आएंगी ग्वालियर, चंबल अंचल में कांग्रेस के पक्ष में बनाएगी माहौल, दौरे की तैयारियां शुरू
भोपाल। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर मध्य प्रदेश के दौरे पर आएंगी। प्रियंका गांधी 22 जुलाई को ग्वालियर आएंगी। जहां वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में हुंकार भरेंगी। कांग्रेस ने दौरे की तैयारियां शुरू कर दी है। प्रियंका ग्वालियर चंबल अंचल में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाएगी।
जानकारी के मुताबिक, पीसीसी ने प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर रणनीति तैयार कर ली है। ग्वालियर चंबल में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाएगी। 22 जुलाई को ग्वालियर में आम सभा आयोजित होने वाली है। इसे लेकर कांग्रेस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। इतना ही नहीं ग्वालियर कांग्रेस ने भी प्रियंका गांधी के आगमन की तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई है। जिसमें ग्वालियर-चंबल से सभी कांग्रेस नेता और विधायक मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक का रोड मैप तैयार किया जाएगा।
चंबल अंचल के साथ विंध्य पर फोकस
बता दें कि प्रदेश में विधनासभा चुनाव के लिए कुछ ही समय बचा है। इसे लेकर कांग्रेस बड़ी सभाओं की तैयारियों में जुट गई है। एमपी कांग्रेस ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ-साथ विंध्य पर भी फोकस कर रही है।
प्रियंका ने जबलपुर से किया चुनावी शंखनाद
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 12 जून को जबलपुर पहुंचीं। जहां उन्होंने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। अपने जबलपुर दौरे से प्रियंका ने पूरे महाकौशल की 38 सीटों को कवर किया।
दौरे की तैयारियां शुरू
वहीं महाकौशल के बाद अब कांग्रेस का फोकस ग्वालियर-चंबल पर है। इस क्षेत्र में 34 विधानसभा सीट हैं, पार्टी इन सीटों को भी कवर करेगी। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 22 जुलाई को इन सीटों पर जनसभा को संबोधित करेंगी। इन दोनों अंचलों में कांग्रेस ने रैली और सभाओं के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
