बैठक में पार्टी के वचन पत्र में शामिल किए जाने वाले विषयों पर चर्चा की गई
भोपाल । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को वचन पत्र समिति की बैठक हुई। कमल नाथ के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के वचन पत्र में शामिल किए जाने वाले विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी पहली बार महिलाओं के लिए अलग से वचन पत्र बना रही है। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा जबलपुर में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए जो पांच गारंटी सरकार बनने पर लागू करने की बात कही है, उसे वचन पत्र में अलग से शामिल किया जाएगा। इनमें महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, पुरानी पेंशन की बहाली, सौ यूनिट बिजली माफी-दो सौ यूनिट हाफ और शेष किसानों की ऋण माफी शामिल है।
प्रदेश कांग्रेस राज्य के साथ-साथ जिला स्तर पर भी वचन पत्र जारी करेगी, जिलों के वचन पत्र में उनके यहां की स्थानीय आवश्यकताएं और मुद्दे शामिल किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष और विधायकों को निर्देश दिए हैं कि वे वचन पत्र समिति को अपने जिले और विधानसभा क्षेत्र से जुड़े हुए मुद्दे जल्द बताएं, ताकि उन्हें घोषणापत्र में शामिल किया जा सके पार्टी ने यह भी तय किया है कि युवाओं के लिए वचन पत्र में अलग से प्रविधान किए जाएंगे। इसमें स्वरोजगार के लिए कांग्रेस की सरकार बनने पर उठाए जाने वाले कदमों की विस्तृत जानकारी रहेगी।
