इन्दौर । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला डागा ने मानहानि का नोटिस भेजा है। यह नोटिस एडव्होकेट सौरभ मिश्रा के माध्यम से जारी किया गया है। इस नोटिस में कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एरोड्रम रोड़ स्थित महावीर बाग में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहन कर निकलती है कि अपन महिलाओं को देवी बोलते हैं उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता; बिलकुल शूर्पणखा लगती हैं। नोटिस में कहा गया कि विजयवर्गीय के इस बयान से शुक्ला और अन्य महिलाओं का अपमान हुआ है। तीन पेज के नोटिस में कहा गया है कि लगातार राजनीतिक संरक्षण के चलते नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। वैध-अवैध पब नियमों को ताक पर रखकर चल रहे है। इससे युवाओं में नशे की लत लागातार बढ़ती जा रही है। शहर की छबि और संस्कृति दूषित हो रही है। इसे रोकने में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार और प्रशासन पूर्णत: विफल रहा है। शासन-प्रशासन की इस विफलता से आप भंतिभांति परिचित है और लड़कियों के बारे में अमर्यादित व अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर बयानबाजी कर रहे है। नोटिस में विजयवर्गीय से तीन दिन में सार्वजनिक रूप से माफी मांग खेद व्यक्त करने को कहा है, अन्यथा अभियोजन की कार्यवाही की जायेगी।
