इन्दौर । आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर की गरिमामयी उपस्थिति में देवधरम टेकरी स्थित पितरेश्वर हनुमान धाम में 51000 भक्तों ने हनुमान चालीसा का ढ़ाई लाख से अधिक पाठ करने का अनूठा रिकॉर्ड बनाया है।
शनिवार शाम को देवधरम टेकरी 51 हजार लोगों ने हनुमानजी की विशाल मूर्ति के सामने बैठकर चार-चार बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस आयोजन में आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर मौजूदगी में साध्वी कनकेश्वरी देवी सहित अनेक महामंडलेश्वर व संत महात्मा आदि भी शामिल हुए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 182 देशों में किया गया। इस मौके पर भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला व आकाश विजयवर्गीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। गायक सुरेश वाडकर ने हनुमान चालीसा की शुरुआत की और उनके साथ हजारों भक्त इसमें एक साथ शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भक्तों को हाथ में जल लेकर अपने ऊपर छिड़कने को कहा जिसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ शुरू हुआ।
इस मौके पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुझे आज के नौजवानों में एक विकृति दिखाई दे रही है। अधिकतर युवा किसी न किसी तरह का नशा करने लग गए है। हम युवाओं को नशे से दूर करने के लिए ही यह आयोजन कर रहे हैं। इस तरह के आयोजनों से युवाओं के मन में भगवान के प्रति समर्पण की भावना जागती है। हनुमान जी एक पावर हाउस है। जब नौजवान पावर हाउस से जुड़ जाएगा और भक्ति के नशे में डूब जाएगा, तो बाहर का नशा नहीं करेगा।
:: हर मोहल्ले में बनेगा हनुमान चालीसा क्लब ::
विजयवर्गीय ने कहा कि हर मोहल्ले में हनुमान चालीसा क्लब बनाना है। हम संकल्प लें कि हर मोहल्ले में एक हनुमान चालीसा क्लब बने और लोग रोज हनुमान चालीसा का पाठ करें। यदि हम अपने घर से शुरुआत करेंगे तो यह बात हर घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर अब पहचान का मोहताज नहीं है लेकिन मैं हनुमान चालीसा हर नौजवान के पास पहुंचाना चाहता हूं।
आयोजन स्थल पर हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए विशाल रेड कॉरपेट बिछाया गया तथा कई हाई मास्ट लगे जिससे पूरा परिसर सफेद रोशनी में जगमगा गया। यह पहला मौका है कि शहर में हनुमान चालीसा के लिए इतनी तादाद में भक्तजन उमड़े हैं। इस दौरान हजारों कार्यकर्ताओं ने ऊपर आयोजन स्थल से लेकर सड़क तक व्यवस्था संभाली।
