देवास। जिले की तहसील टोंकखुर्द के ग्राम टोंककला स्थित आतिशबाजी विनिर्माण एवं विक्रय फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के लिए अपर कलेक्टर उज्जैन अतेन्द्र सिंह गुर्जर एवं संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा अधिकारी इंदौर श्रीमती नमिता तिवारी को नियुक्त किया गया है। जांच दल फैक्ट्री में हुई अग्नि दुर्घटना और विस्फोट के संभावित कारणों की पड़ताल करेगा। साथ ही विस्फोटक नियमों के विभिन्न प्रावधानों के पालन, नेशनल बिल्डिंग कोड-2016 के नियमों की स्थिति, घटना स्थल तथा जिले में जारी अन्य अनुज्ञप्तियों की वस्तुस्थिति की भी जांच की जाएगी। संभाग आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि नियुक्त अधिकारी एक सप्ताह के भीतर संपूर्ण जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।