क्या खुशबू सुंदर के खिलाफ मानहानि का केस दायर होगा
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राहुल गांधी को शुक्रवार संसद से अयोग्य घोषित किया गया। इस लेकर लोकसभा सचिवालय की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी हुआ हैं। इसके पहले, गुरुवार को गुजरात के सूरत की एक अदालत ने राहुल को 2 साल जेल की सजा सुनाई थी। अब जब राहुल की संसद सदस्यता रद्द हो गई है, तब भाजपा नेता खुशबू सुंदर का एक ट्वीट खूब वायरल हो रहा है, इसी टवीट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। दरअसल, खुशबू सुंदर का यह ट्वीट 2018 का है, जब वह कांग्रेस में थीं। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, यहां मोदी वहां मोदी जहां देखो मोदी… लेकिन यह क्या?? हर मोदी के आगे भ्रष्टाचार सरनेम लगा हुआ है… मोदी मतलब भ्रष्टाचार… चलिए मोदी का मतलब भ्रष्टाचार कर देते हैं।
अभिनेता से नेता बनी खुशबू सुंदर के इसी ट्वीट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस पार्टी नेताओं ने सवाल किया है कि क्या अब पूर्णेश मोदी खुशबू सुंदर के खिलाफ मानहानि का केस दायर करेंगे? बता दें, खुशबू महिला आयोग की सदस्य हैं। इससे पहले, राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर खुशबू सुंदर ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, मनमोहन सिंह 2013 में पारित सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अध्यादेश लाना चाहते थे, लेकिन राहुल गांधी ने उस अध्यादेश को फाड़ दिया। यह विडंबना ही है कि उनकी सदस्यता आज उसी फैसले से गई है।
