श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी के अनुसार महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद लगातार मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। महाशिवरात्रि पर उज्जैन में 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान था, लेकिन महाशिवरात्रि के एक दिन पहले यानी 17 फरवरी को ही लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने मंदिर आए। शुक्रवार रात दो बजे से बाबा महाकाल के पट खुलने के बाद 44 घंटे तक सतत बाबा महाकाल के दर्शन जारी रहे, जिसमें अब तक कुल 15 लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दिव्य दर्शनों का लाभ ले चुके हैं। महाशिवरात्रि खत्म होने तक बाबा महाकाल के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा इस बार कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उज्जैन का कायाकल्प कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश में विकास मॉडल की नई तस्वीर दुनिया के सामने पेश की है। देश दुनिया से उज्जैन की अच्छी कनेक्टिविटी ने श्री महाकालेश्वर मंदिर की राह आसान कर दी है। 11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। जिसके बाद से ही उज्जैन नगरी में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद हो रही है
