लखनऊ । नेपाल विमान दुर्घटना में पांच भारतीयों की भी मौत हो गई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले थे। गाजीपुर में यह खबर पहुंचने के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। इलाके में हर तरफ इसी घटना की चर्चा है। दुर्घटनाग्रस्त विमान में 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
जानकारी के मुताबिक नेपाल विमान दुर्घटना में गाजीपुर के जहूराबाद के चकजैनब के रहने वाले 25 साल के अनिल राजभर और चकचैनब के ही रहने वाले 30 साल के सोनू जायसवाल की मौत हो गई है। इसके साथ ही धरवा कलां निवासी 22 वर्षीय अभिषेक कुशवाहा और 25 वर्षीय अलावलपुर निवासी सूरज शर्मा की भी विमान दुर्घटना में मौत हो गई। विमान दुर्घटना में गाजीपुर के संजय जायसवाल की भी मौत हो गई है जिनके बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।
पांचों मृतक काठमांडू से पोखरा जा रहे येति एयरलाइंस के एटीआर 27 विमान में सवार थे। इस भीषण विमान दुर्घटना में विमान में सवार 72 लोगों में से अब तक 68 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में छह बच्चों सहित 15 विदेशी नागरिक सवार थे। इनमें 5 भारतीय 4 रूसी 2 कोरियाई 1-1 अर्जेंटीना आयरलैंड ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के नागरिक सवार थे।
