मुंबई । भाजपा महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी से मुकाबला करने के लिए एक नए और मजबूत गठबंधन बनाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने हाल ही में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन और मनसे के बीच संभावित गठजोड़ की अटकलों को बल मिल गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दादर आवास पर मनसे प्रमुख से मुलाकात की थी। शिंदे कैंप और भाजपा हाल ही में राज ठाकरे के साथ गर्मजोशी से पेश आई है। लगातार बैठकों ने अटकलें लगाईं कि भाजपा और शिंदे उन्हें गठबंधन में शामिल करने को लेकर उत्सुक हैं। इस बीच मनसे और शिंदे खेमे के नेताओं ने कहा कि श्रीकांत शिंदे की राज ठाकरे से मुलाकात दिवाली के दौरान महज एक शिष्टाचार भेंट थी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि फडणवीस के साथ राज ठाकरे के आवास पर उनकी हालिया यात्रा दिवाली के लिए शिष्टाचार भेंट थी।
उन्होंने कहा कि हमारे बीच वहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। इस बीच गठबंधन की अटकलों पर मनसे और भाजपा नेता इसी तरह के बयान देते रहे हैं। राज ठाकरे की पार्टी के इकलौते विधायक राजू पाटिल ने कहा कि गठबंधन के आह्वान पर हमारी पार्टी के अध्यक्ष राज ठाकरे द्वारा चर्चा की जाएगी और अगर भविष्य में वह गठबंधन के लिए हां कहते हैं तो हम तैयार हैं। हमारे विचार मिलते हैं। भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने कहा कि गठबंधन में मनसे को शामिल करने का फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि तीनों दलों की विचारधारा समान है।
